उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर से प्रारंभिक अर्हता परीक्षा का आयोजन 20 अगस्त को दो पालियों में कराया जाएगा। इस परीक्षा के लिए जिले में तकरीबन 45 परीक्षा केंद्र बनाए जाएंगे। आयोग के अध्यक्ष प्रवीर कुमार ने परीक्षा के लिए केंद्र निर्धारित करने का निर्देश दिया है।
आयोग ने कहा है कि ऐसे परीक्षा केंद्र निर्धारित किए जाएं जहां भवन के चारों तरफ समुचित चहारदीवारी एवं प्रवेश द्वार हो। ताकि परीक्षा केंद्र परिसर में अभ्यर्थी के प्रवेश को प्रभावी ढंग से नियंत्रित किया जा सके। साथ ही अनधिकृत व्यक्ति परीक्षा केंद्र में प्रवेश न कर सकें।
प्रवेश परीक्षा केंद्र पहुंचने का मार्ग पक्का व सुगम हो तथा वहां तक पहुंचने के लिए यातायात के पर्याप्त साधन सुलभ हों। परीक्षा केंद्र के समीप वाहनों की पार्किंग की समुचित व्यवस्था हो। केंद्र का भवन पक्का व सुदृढ़ हो। परीक्षा कक्षों में जल रिसाव या नमी की स्थिति न हो।
प्रवेश के पूर्व अभ्यर्थियों की जांच आदि का कार्य करने के लिए पर्याप्त स्थान होना चाहिए। परीक्षा केंद्र पर शुद्ध पेयजल, विद्युत कनेक्शन, फर्नीचर की व्यवस्था अच्छी होनी चाहिए। इसके साथ ही परीक्षा आयोजन के लिए पर्याप्त संख्या में स्टॉफ भी उपलब्ध होने चाहिए।
प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (प्री इलिजबिलिटी टेस्ट) के शुचितापूर्ण आयोजन के लिए परीक्षा केंद्र की सामान्य ख्याति अच्छी होनी अनिवार्य है। शासकीय व सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों को केंद्र बनाने में प्राथमिकता दी जाएगी। अच्छी अवस्थापना सुविधा व ख्याति वाले निजी विद्यालय और महाविद्यालय भी परीक्षा केंद्र के रूप में चयनित किए जा सकते हैं।
लेखपाल परीक्षा में शामिल विद्यालय बन सकते हैं केंद्र
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष प्रवीर कुमार ने जिलाधिकारी को भेजे पत्र में कहा है कि वर्ष 2015 में चकबंदी लेखपालों की परीक्षा के आयोजन के लिए प्रदेश के 3340 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा का आयोजन कराया गया था। इस परीक्षा के लिए जिले में 45 केंद्र बनाए गए थे। आयोग ने चयनित परीक्षा केंद्रों की सूची भी भेजी है।
जल्द तय होगा केंद्रों का नाम
प्रारंभिक अर्हता परीक्षा के लिए अपर जिला अधिकारी वित्त एवं राजस्व तथा जिला विद्यालय निरीक्षक की दो सदस्यीय समिति केंद्रों का निर्धारण करेगी। परीक्षार्थियों की संख्या मिल गई है। जल्द ही केंद्रों का निर्धारण कर सूचना भेज दी जाएगी।
- अंशुमान, सह जिला विद्यालय निरीक्षक।