अखंडनगर (सुल्तानपुर)। अखंडनगर थाने में तैनात एक आरक्षी को बेहोशी की हालत में सीएचसी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सिपाही की मौत की सूचना मिलते ही पुलिस के उच्चाधिकारी भी सीएचसी पहुंचे और मौत के कारणों के बारे में चिकित्सक से पूछताछ की। सिपाही की मौत की जानकारी पाकर उसके परिवारीजन भी थाने पर पहुंच गए हैं। बताया जा रहा है कि सिपाही की तबीयत खराब चल रही थी।
रायबरेली जिले के महराजगंज थाना क्षेत्र के दशवन गांव निवासी सुरेंद बहादुर सिंह (50) पुत्र अमर बहादुर सिंह पुलिस विभाग में आरक्षी के पद पर तैनात थे। मौजूदा समय में सुरेंद्र बहादुर की तैनाती जिले के अखंडनगर थाने में थी। सुरेंद्र बहादुर थाना परिसर में बने सरकारी आवास में ही रहते थे।
बृहस्पतिवार की सुबह करीब 10 बजे थाने की पुलिस वाहन का चालक सुरेंद्र सिंह को खाना देने के लिए कमरे में पहुंचा था। सुरेंद्र बीमार चल रहे थे। सुरेंद्र की हालत खराब थी तो चालक ने फोन से सुरेंद्र की पत्नी और बेटों से उनकी बात कराई थी।
फोन पर पिता की तबीयत खराब होने की जानकारी मिलते ही रायबरेली से उनका बेटा विकास और अमिताभ एक प्राइवेट वाहन से अखंडनगर थाने पहुंचे और आवास में पिता के पास पहुंचे। इस दौरान सुरेंद्र बेहोश हो चुके थे।
शाम करीब पांच बजे पिता को लेकर उनके बेटे सीएचसी पर पहुंचे तो चिकित्सक डॉ. विष्णु प्रकाश यादव ने मृत घोषित कर दिया। आरक्षी की मौत की सूचना मिलते ही सीओ कादीपुर डॉ. कृष्णकांत सरोज भी सीएचसी पहुंच गए और चिकित्सक से बात की। सीओ ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता चलेगा।