सुल्तानपुर। एक अगस्त 2022 से लगातार अनुपस्थित चल रहीं दूबेपुर के प्राथमिक विद्यालय हसनपुर द्वितीय की सहायक अध्यापिका जीनत अंसारी को बीएसए ने बर्खास्त कर दिया है। इन्हें 14 नवंबर 2024 को निलंबित करते हुए आखिरी नोटिस जारी किया गया था। नोटिसों का जवाब न देने पर बीएसए ने शिक्षिका को सेवामुक्त किया है।
इसके अलावा दोस्तपुर के प्राथमिक विद्यालय कौशल्यापुर के प्रधानाध्यापक विनय त्रिपाठी को न्यायालय से 10 वर्ष का सश्रम कारावास और 25 हजार रुपये अर्थदंड की सजा मिलने से सेवामुक्त कर दिया गया है। दो शिक्षकों की बर्खास्तगी के बाद लंबे समय से गायब चल रहे छह सहायक अध्यापकों पर भी कार्रवाई की तलवार लटक रही है। इनमें लंभुआ के प्राथमिक विद्यालय जखनीकला के राजेश कुमार 15 जनवरी, 2013 से बिना किसी सूचना के अनुपस्थित चल रहे हैं।
बल्दीराय के उच्च प्राथमिक विद्यालय डेहरियावां की नीलम पटेल 22 नवंबर 2017 से लगातार अनुपस्थित हैं। लंभुआ के उप्रावि गारवपुर की सहायक अध्यापक अनुश्रुति राज 22 सितंबर 2020 से अनुपस्थित चल रही हैं। इन्हें 11 अक्टूबर 2021 को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। कादीपुर के प्रावि कुकुड़ीपुर की सहायक अध्यापिका मृदु श्रीवास्तव 12 अक्टूबर 2022 से, कूरेभार के प्राथमिक विद्यालय फरीदीपुर की दीपा कोरी तीन जुलाई 2023 से और कूरेभार के प्राथमिक विद्यालय अंगनाकोल की श्वेता सिंह नौ मई 2024 से बिना किसी जानकारी के अनुपस्थित चल रही हैं।
खंगाल रहे हैं ब्योरा
बीएसए उपेंद्र गुप्ता ने बताया कि ऐसे सभी अध्यापकों को ब्योरा खंगाला जा रहा है, जो बिना जानकारी दिए लंबे से समय से नदारद हैं। जो भी अनुशासनहीनता व विभागीय नियमों की अनदेखी करेगा, उस पर कार्रवाई की जाएगी।