सुल्तानपुर। मोतीगंज बाजार में सोमवार की रात चार दुकानों का ताला तोड़कर चोर करीब साढ़े पांच लाख रुपये कीमत के जेवरात और नकदी समेट ले गये। मंगलवार को सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया लेकिन चोरों का सुराग नहीं लग सका।
क्षेत्र के सलारपुर निवासी श्याम सुंदर का मोतीगंज बाजार में सोने-चांदी के आभूषण की दुकान है। सोमवार की रात चोर शटर का ताला तोड़कर दुकान में रखे ढाई किलो चांदी के जेवरात, 60 ग्राम सोना और 22 हजार रुपये नकद उठा ले गए। इसी मार्केट में क्षेत्र के सोनारा निवासी रामानंद के मेडिकल स्टोर का ताला तोड़कर 15 हजार रुपये व सोलर पैनल चोरी कर लिया गया। सलारपुर निवासी दीपेंद्र मिश्रा के जन सुविधा केंद्र का ताला तोड़कर प्रिंटर, लैपटॉप, फिंगरप्रिंट डिवाइस के साथ ही साढ़े सात हजार रुपये चोर समेट ले गए। चौथी घटना भी इसी बाजार में हुई। क्षेत्र के वैदहा निवासी रामबरन ऑटो सेंटर से चोरों ने ऑयल समेत अन्य सामान पर हाथ साफ कर दिया। दुकानदारों की सूचना पर मंगलवार को पहुंची पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया लेकिन चोरों का सुराग नहीं लग सका।