सुल्तानपुर। अन्नदाता किसान यूनियन ने सोमवार को डीएम को जिलाध्यक्ष हरिश्चंद्र शुक्ला की अध्यक्षता में ज्ञापन सौंपा। इसमें किसानों ने अपनी विभिन्न समस्याओं के तत्काल निस्तारण की मांग की।
किसानों ने आरोप लगाया कि बाजारों में निजी दुकानों पर यूरिया 400 से 450 रुपये में बेची जा रही है। इस पर तत्काल रोक लगाई जाए। छुट्टा मवेशियों और नीलगायों से फसलों को हो रहे नुकसान पर भी प्रभावी कार्रवाई की मांग की गई।
अघोषित बिजली कटौती का मुद्दा उठाया गया। किसानों को भेजे जा रहे फर्जी बिलों पर भी रोक लगाने की मांग की गई। किसानों ने रोस्टर के अनुसार बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की अपील की। इसके अलावा वृद्धा, विधवा और विकलांग पेंशन के विलंब से भुगतान को तत्काल भेजने की मांग की गई।
थानों में प्राथमिकी लिखने में होने वाली हीला-हवाली पर भी कार्रवाई की मांग की गई। मेडिकल कॉलेज में लिखी जा रहीं बाहर दवाओं को अंदर ही उपलब्ध कराने की बात भी कही गई।
इस मौके पर अवधेश कुमार सिंह, राम लगन पांडेय, रियाज खान, यासीन खान, लखपती व आरएन मिश्रा आदि मौजूद रहे।