सुल्तानपुर। जिले के हलियापुर निवासी अभिषेक प्रताप सिंह का चयन हॉकी इंडिया ए टीम में हुआ है। उन्होंने यह उपलब्धि पारिवारिक मुश्किलों को मात देकर हासिल की है। वर्तमान में वे बंगलुरु के स्पोर्ट्स अथॉरिटी आफ इंडिया के नेशनल कोचिंग कैंप में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। हॉकी इंडिया फेडरेशन यह प्रशिक्षण एशियन गेम व कॉमनवेल्थ गेम को ध्यान में रखकर करा रहा है।
हलियापुर गांव निवासी हिम्मत सिंह के पुत्र अभिषेक का जन्म 1995 में हुआ था। वे दस वर्ष के थे तभी उनकी मां अन्नू सिंह का निधन हो गया। मां की मौत के बाद अभिषेक के पिता हिम्मत सिंह ने पुलिस की नौकरी के साथ ही बच्चों की परवरिश का जिम्मा उठाया। वर्ष 2008 में अभिषेक ने स्पोर्ट्स हॉस्टल ज्वॉइन किया। शुरुआती दिनों में अभिषेक को परिवार से दूर रहकर काफी दिक्कतें झेलनी पड़ी, लेकिन उन्होंने कभी हिम्मत नहीं हारी। स्पोर्ट्स हॉस्टल में राष्ट्रीय खेल हॉकी को चुनकर अभिषेक ने अपना खेल जारी रखा। उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर अभिषेक का चयन खेल कोटे से वर्ष 2016 में इंडियन रेलवे के लिए हुआ। वर्तमान में वे कोलकाता में सेवारत हैं।
पूर्व रेलवे की तरफ से हॉकी प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करते है। 79वीं अखिल भारतीय रेलवे हॉकी प्रतियोगिता में अभिषेक ने शानदार प्रदर्शन किया था। उसका इनाम उन्हें इंडिया ए की टीम में चयन के रूप में मिला। 33 सदस्यीय टीम में अभिषेक को बतौर डिफेंडर जगह मिली है। सात मार्च से चार मई तक बंगलुरु स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया के नेशनल कोचिंग कैंप में अभिषेक को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। एशियन गेम और कॉमनवेल्थ गेम को ध्यान में रखते हुए प्रशिक्षण कैंप में तैयारी कराई जा रही है। हॉकी एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष एके सिंह ने बताया कि अभिषेक का इंडिया ए टीम के 33 सदस्यीयों में चयन होना जिले के लिए गौरव की बात है।