सुल्तानपुर। प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी) चयन परीक्षा के दूसरे दिन शहर के महात्मा गांधी स्मारक इंटर कॉलेज में प्रथम पाली की परीक्षा शुरू होने से पहले प्रधानाचार्य बजरंगी सिंह व अन्य शिक्षक मुख्य गेट पर सघन तलाशी ले रहे थे।
इसी बीच रंजीत कुमार सिंह पुत्र नरेंद्र बहादुर सिंह, तवक्कलपुर नगरा सुल्तानपुर के रजिस्ट्रेशन एवं अनुक्रमांक पर एक लड़का अंदर जाने लगा। संदेह होने पर आधार कार्ड की फोटो उस लड़के से मिलान करने पर अंतर पाया गया।
सघनता से जामा तलाशी लेने पर उसके पास से एक और आधार कार्ड मिला। जिस पर अरुण कुमार यादव पुत्र हरिश्चंद्र यादव निवासी ग्राम नेउती रुदौली फैजाबाद अंकित पाया गया। एक पहचान पत्र और मिला, जिस पर कुंदन कुमार पुत्र अवधेश ठाकुर निवासी पकरी शहर गांव, पकरी अंचल थाना कराय परशुराम जिला नालंदा (बिहार) अंकित था।
कुंदन कुमार वाले पहचान पत्र से पकड़े गए युवक की फोटो मिल रही थी। केंद्राध्यक्ष बजरंगी सिंह की सूचना पर एडीएम प्रशासन, जिला विद्यालय निरीक्षक व एएसपी कॉलेज पहुंचे। एसडीएम लंभुआ वंदना पांडेय, स्टैटिक मजिस्ट्रेट दिनेश कुमार शुक्ला व पर्यवेक्षक अरविंद सिंह मौजूद थे।
उन्होंने पकड़े गए लड़के को पुलिस अभिरक्षा में बैठाकर पूछताछ की। पूछताछ में युवक ने रंजीत कुमार सिंह के स्थान पर परीक्षा देने की कोशिश करने की बात स्वीकार की लेकिन अपना सही नाम व पता नहीं बता रहा था।
डीआईओएस वीपी सिंह ने बताया कि केंद्राध्यक्ष बजरंगी सिंह की तहरीर पर कोतवाली नगर में मुकदमा दर्ज किया गया है। वास्तविक अभ्यर्थी रंजीत कुमार से अपने परीक्षा केंद्र के कक्ष में अपनी सीट पर अनुपस्थित रहा है। जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि मामले की सूचना उच्चाधिकारियों को भेजी गई है।
पुलिस के रडार पर संदिग्ध
टीजीटी की परीक्षा में दूसरे के स्थान पर पेपर देने की कोशिश करने वाले युवक ने पूछताछ में कुछ और लोगों के इस सिंडिकेट में शामिल होने की जानकारी दी है। पुलिस की ओर से संदिग्धों के मोबाइल नंबरों को रडार पर लिया जा रहा है।
साथ ही वास्तविक अभ्यर्थी रंजीत कुमार सिंह को भी पुलिस तलाश रही है। पकड़े गए युवक के बताए गए मोबाइल नंबरों पर अधिकारियों की ओर से कॉल किया जा रहा है। जल्द ही पूरे मामलेे का खुलासा होने की उम्मीद है।
623 अभ्यर्थियों ने छोड़ी परीक्षा
टीजीटी परीक्षा के दूसरे दिन 623 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। पंजीकृत 5658 में से 5035 ने परीक्षा में प्रतिभाग किया। वहीं 623 अभ्यर्थियों ने परीक्षा से किनारा कर लिया। पहली पाली में नामांकित 3220 में से 2871 ने परीक्षा में प्रतिभाग किया, जबकि 349 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
दूसरी पाली में नामांकित 2438 परीक्षार्थियों में से 2164 ने परीक्षा में प्रतिभाग किया, जबकि 274 अनुपस्थित रहे। पहली पाली में आठ केंद्रों पर एवं दूसरी पाली में छह केंद्रों पर टीजीटी परीक्षा का आयोजन किया गया।