सुल्तानपुर। गोद लिए गए 86 विद्यालयों में जल्द ही कायाकल्प के काम शुरू होंगे। विद्यालयों के संबंध में संबंधित खंड शिक्षाधिकारियों की ओर से रिपोर्ट भेजी जा रही है। रिपोर्ट में किस विद्यालय में क्या आवश्यकता है, उसको चिह्नित करते हुए फोटोग्राफ भेजे जा रहे है। संकलित रिपोर्ट बेसिक शिक्षा निदेशक को भेजी जाएगी।
जिलाधिकारी ने गत दिनों 86 विद्यालयों को अधिकारियों को गोद दिया था। डीएम ने स्वयं प्राथमिक विद्यालय अभियाकलां को चुना। एसपी ने दूबेपुर के प्राथमिक विद्यालय कुसहा, सीडीओ ने जयसिंहपुर के प्राथमिक विद्यालय डिहवा, बीएसए ने कूरेभार के प्राथमिक विद्यालय अंगनाकोल का चयन किया था। विद्यालयों में तमाम आवश्यकताएं हैं, जिसे पूर्ण कराने की प्रक्रिया सौ दिन के अंदर करनी है। बीएसए की ओर से गोद लिए गए विद्यालय अंगनाकोल में छत की मरम्मत और चारदीवारी का निर्माण होना है। वित्त एवं लेखाधिकारी अमित मोहन मिश्र के गोद लिए गए विद्यालय इस्माइलपुर में खिड़की-दरवाजों की मरम्मत, एक कमरे की टाइल्स, बच्चों को बैठकर खाने के लिए टीन शेड, दिव्यांग शौचालय में पानी की व्यवस्था और चारदीवारी की मरम्मत का काम होना है। जिला विद्यालय निरीक्षक वीपी सिंह के गोद लिए गए करौंदीकलां के विद्यालय बहाउद्दीनपुर में चारदीवारी और रंगाई-पुताई की जरूरत है।
डायट प्राचार्य धर्मेंद्र कुमार के गोद लिए प्राथमिक विद्यालय धोबियान में किचन शेड की आवश्यकता है। बिजली कनेक्शन के साथ स्कूल की रंगाई-पुताई होनी है। जिला सूचना अधिकारी धीरेंद्र कुमार यादव के गोद लिए गए विद्यालय धनायतपुर दोस्तपुर में बाउंड्रीवाल नहीं है। फर्नीचर की व्यवस्था नहीं है। मूल भवन की छत जर्जर है, जिससे पानी टपकता है। सभी ब्लॉकों से गोद लिए गए विद्यालयों की सूचना मंगाई जा रही है। संकलित सूचना बेसिक शिक्षा निदेशक को भेजी जाएगी। इन विद्यालयों में सौ दिन के अंदर कायाकल्प के काम संपन्न कराए जाने हैं।