सुल्तानपुर। जिले में हो रही बारिश से हुए जलभराव ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी है। धनपतगंज, लंभुआ, करौंदीकलां समेत कई क्षेत्रों में जलभराव हो जाने से लोगों को आवाजाही में खासी परेशानी उठानी पड़ रही है। बारिश के बहाव में सुरेश नगर-हरौरा बाजार को जाने वाली सड़क पर वाहनों को आवागमन बंद हो गया है। इस मार्ग से किसी तरह लोग जान जोखिम में डालकर सीढ़ी के सहारे आने जाने को मजबूर हैं।
बारिश से धान समेत अन्य फसलों को फायदा हुआ है। शुक्रवार को भी शहर समेत ग्रामीण इलाकों में बारिश होने से मौसम भी खुशगवार हो गया। लेकिन पिछले दो दिनों के दौरान हुई तेज बारिश से कई जगहों पर जलभराव की समस्या खड़ी हो गई है। धनपतगंज, लंभुआ, करौंदीकलां समेत कई क्षेत्रों के लोग जलभराव की समस्या से जूझ रहे हैं।
पिछले बुधवार की रात में हुई तेज बारिश सुरेशनगर-हरौरा बाजार सड़क पर स्थित तीरगांव के पास सड़क बह गई। सड़क बहने से इस मार्ग पर आवागमन बंद हो गया। बही हुई सड़क पर सीढ़ी रखकर लोग उसके सहारे जान जोखिम में डालकर आवाजाही को मजबूर हैं। लंभुआ के बसावनपुर, सराय मकरकोला, जखनीकलां, अर्जुनपुर गांव में बारिश के पानी की निकासी के लिए बनी ड्रेन से पानी नहीं निकल जा रहा है। दो दिनों से हो रही बारिश से करीब पांच किलोमीटर दूर स्थित बसावनपुर गांव में अब भी जलभराव की समस्या बनी हुई है।
दक्षिणी इलाके के इन गांवों से बारिश का पानी निकलने की व्यवस्था गारवपुर ड्रेन के जरिए की गई है। यह ड्रेन रानीपुर गांव में रानीपुर माइनर के नीचे से निकलती है। माइनर के नीचे ड्रेन का पानी निकालने के लिए पाइप लगाया गया है, लेकिन यह पाइप जरूरत के लिहाज से काफी कम है। इसी कारण बारिश का पानी सही ढंग से नहीं निकल पाता है।
इसका खामियाजा बसावनपुर गांव के लोग भुगत रहे हैं। आबादी में भी पानी घुस गया है। लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। जलभराव की समस्या से गांव के बुद्धिराम, राम कुमार, राकेश पासी, श्याम बहादुर, राम आसरे, जानकी प्रसाद, राजेंद्र, राजन, राधेश्याम, अमर बहादुर का परिवार परेशान है।
अंडरपास में पानी भरने से तैर कर जा रहे लोग
कोइरीपुर। लखनऊ-वाराणसी मार्ग पर स्थित राजपुर सजनपुर के पास गेट संख्या 44 पर अंडर पास बना है। अंडर पास से 20 ग्राम पंचायतों के लोगों का आवागमन है। अंडर पास पर चांदा से रामगंज कोइरीपुर बाजार की सब्जी मंडी व गैस एजेंसी है। बारिश से अंडर पास में जलभराव हो गया है। इससे लोगों को आवाजाही में परेशानी उठानी पड़ रही है। मजबूरी में लोग रेलवे लाइन को पार करके तो कुछ लोग तैर कर जा रहे हैं। इससे बड़ी दुर्घटना होने की संभावना बनी हुई है। इस समस्या को लेकर शासन, प्रशासन व रेल विभाग ध्यान नहीं दे रहा है।
आज भी हल्की बारिश के आसार
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में आसमान में मध्यम बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान लगाया है। आचार्य नरेंद्रदेव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय कुमारगंज अयोध्या के मौसम पर्यवेक्षक अमरनाथ मिश्र ने बताया कि शुक्रवार को अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25.0 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है। मौसम में आर्दता (नमी) 95-79 फीसदी रही। दक्षिणी-पुरवा हवा की गति 4.0 किमी/घंटे रिकॉर्ड की गई है।