कादीपुर (सुल्तानपुर)। ग्राम प्रधान व कोटेदार पर प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के तहत निशुल्क राशन वितरण के दौरान थैले पर छपी पीएम नरेंद्र मोदी व सीएम योगी आदित्यनाथ की फोटो पर पेंट लगाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करने का आरोप लगा है। भाजपा के मंडल अध्यक्ष ने दोनों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
भाजपा के मोतिगरपुर मंडल अध्यक्ष डॉ. आरके विश्वास ने कोतवाली कादीपुर में तहरीर देकर कहा है कि मोतिगरपुर विकासखंड की ग्राम पंचायत पदारथपुर उपाध्याय की नवनिर्वाचित ग्राम प्रधान शारदा यादव हैं, जो वर्तमान में सपा की महिला सभा की जिलाध्यक्ष भी हैं।
पिछली पांच अगस्त को प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के तहत आयोजित अन्न महोत्सव में कोतवाली कादीपुर के खरगूपुर निवासी कोटेदार रमेश कुमार उर्फ रमेश पुजारी ने राशन वितरित किया था। इस दौरान ग्राम प्रधान शारदा यादव भी मौजूद रहीं।
दो दिन पूर्व कोटेदार रमेश कुमार उर्फ रमेश पुजारी की फेसबुक आईडी से पोस्ट की गई एक फोटो क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई थी, जिसमें कोटेदार व ग्राम प्रधान एक व्यक्ति को राशन का बैग व झोला थमा रही हैं। झोले पर पीएम व सीएम की फोटो को लाल रंग से पेंट किया गया है।
उक्त फोटो के आधार पर भाजपा मंडल अध्यक्ष डॉ. आरके विश्वास ने कोटेदार व प्रधान के खिलाफ साजिशन केंद्र व प्रदेश सरकार को बदनाम करने का आरोप लगाया है। यह भी आरोप लगाया है कि साजिश की जानकारी पार्टी के लोगों को होने पर कोटेदार ने विवादित थैले को वापस मंगाकर नष्ट कर दिया है।
नहीं लगा था पेंट
ग्राम प्रधान व सपा महिला जिलाध्यक्ष शारदा यादव ने कहा कि राशन बैग बांटते समय पेंट नहीं लगा था। फोटो एडिट किया होगा। कोटेदार रमेश कुमार ने कहा कि एक ग्रुप पर पेंट लगी फोटो आई थी। गलती से फेसबुक आईडी पर अपलोड हुई जानकारी होने पर उसे तुरंत डिलीट कर दिया था।