सुल्तानपुर। सपा मुखिया अखिलेश यादव ने सोमवार को भाजपा पर जमकर निशाना साधा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उनके खास निशाने पर रहे। अखिलेश ने कहा कि गर्मी निकालने की बात करने वाले बीजेपी के नेता पहले चरण के चुनाव में सन्न हो गए, दूसरे चरण में सुन्न हुए और चौथे-पांचवें चरण में शून्य हो जाएंगे। जैसे-जैसे चुनाव आगे बढ़ेगा बूथों पर भाजपा के भूत नाचेंगे। वे सोमवार को शहर के पास अमहट स्थित पुरानी हवाई पट्टी पर पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
पूर्व सीएम ने कहा कि बीजेपी के छोटे नेता छोटा झूठ बोलते हैं, उससे बड़े नेता उतना बड़ा झूठ और सबसे बड़े नेता सबसे बड़ा झूठ बोलते हैं। वे कहते थे किसानों की आय दोगुनी हो जाएगी। क्या किसी किसान की आमदनी दोगुनी हुई? क्रय केंद्रों पर किसानों के धान की खरीद नहीं हुई। किसानों को समय से डीएपी नहीं मिली। हवाई चप्पल वाले को हवाई जहाज पर चलने का सपना दिखाने वालों ने उन्हें मोटरसाइकिल पर भी चलने लायक नहीं छोड़ा। किसान रात-रात भर जागकर खेतों की रखवाली कर रहा है। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे हमने बनवाया। उसका फीता काटने के लिए दिल्ली से कैंची और लखनऊ से फीता मंगवाया गया। यह समाजवादियों की सोच थी कि प्रधानमंत्री का हवाई जहाज सड़क पर उतरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कई बार गुजरात के मुख्यमंत्री रहे लेकिन वहां एक भी ऐसी सड़क नहीं बनवा सके जिस पर हवाई जहाज उतर सके।
किसान कानूनों पर सरकार को निशाने पर लेते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि साल भर चले आंदोलन को सरकार ने तब वापस लिया जब समाजवादी रथ गाजीपुर से चलकर सुल्तानपुर होते हुए लखनऊ पहुंचा। जनता ने चुनाव में जब इनकी खटिया कर दी, तब इनके बयान भी घटिया हो गए है। सपा मुखिया ने कहा कि यह लोकतंत्र और संविधान को बचाने और प्रदेश को खुशहाली की ओर ले जाने वाला चुनाव है। उन्होंने शिक्षामित्रों, अनुदेशकों, बीपीएड बेरोजगारों, 69 शिक्षक भर्ती में चयन से वंचित लोगों को भी रिझाया। कहा कि उनकी सरकार इन सभी के लिए बेहतर करेगी।
अनुदेशकों के नियमितीकरण के लिए रास्ता खोलेंगे। फौज और पुलिस की भर्तियां निकाली जाएंगी। जो लोग लंबे समय से भर्ती नहीं निकलने से अर्हता की आयु सीमा कर चुके हैं, उन्हें उम्र सीमा में छूट दी जाएगी। एंबुलेंस चालकों का भी सम्मान किया जाएगा। इस मौके पर सुल्तानपुर प्रत्याशी अनूप संडा, सदर प्रत्याशी अरुण वर्मा, लंभुआ प्रत्याशी संतोष पांडेय, इसौली प्रत्याशी मो. ताहिर खान, कादीपुर प्रत्याशी भगेलू राम, जिलाध्यक्ष पृथ्वीपाल यादव, महासचिव सलाहुद्दीन अहमद, विधायक अबरार अहमद समेत तमाम नेता मौजूद रहे।
तार-तार हुई व्यवस्था
अखिलेश यादव के मंच पर पहुंचते ही व्यवस्था तार-तार हो गई। भीड़ अनुशासन को तोड़ते हुई डी के दायरे में घुस गई। इस दौरान मंच से संचालक अनुशासन बनाए रखने व डी के दायरे से लोगों को बाहर निकलने के लिए कहते रहे लेकिन किसी के ऊपर कोई असर नहीं पड़ा। पुलिस भी बेबस नजर आई।