लोगों की शिकायतें सुनतीं सांसद मेनका गांधी।
- फोटो : SULTANPUR
सुल्तानपुर। पूर्व केंद्रीय मंत्री व सांसद मेनका गांधी ने सोमवार को एक मामले को लटकाने पर शहर कोतवाल को जमकर फटकार लगाई। साथ ही अधिकारियों व कर्मचारियों को समस्याओं का निस्तारण तुरंत करने का निर्देश दिया।
अपने दौरे के आखिरी दिन सोमवार को शास्त्रीनगर स्थित अस्थायी आवास पर सांसद ने लोगों से मुलाकात करके उनकी समस्याओं को सुना और संबंधित को फोन करके निस्तारण का निर्देश दिया। इसी बीच शहर का एक व्यक्ति अपना पैसा वापस दिलाने की मांग को लेकर सांसद के पास दोबारा पहुंचा। प्रकरण का निस्तारण नहीं होने पर शहर कोतवाल राम आशीष पर सांसद नाराज हो गईं। उन्होंने मामले का निस्तारण अभी तक नहीं करने पर उन्हें जमकर फटकार लगाई। प्रकरण की जानकारी पुलिस अधीक्षक को भी दी। उन्होंने कहा कि वे समस्याओं को लटकाने में नहीं बल्कि तुरंत निस्तारित कराने में विश्वास रखती हैं। अधिकारियों-कर्मचारियों से एक-दो दिन में होने वाले कार्य को लटकाने पर नाराजगी जताई।
सुनवाई के बाद वे लखनऊ होते हुए दिल्ली वापस हो गईं। मीडिया प्रभारी विजय सिंह रघुवंशी ने बताया कि लखनऊ में उन्होंने क्षेत्र की कुछ सड़कों के निर्माण के लिए पीडब्ल्यूडी मंत्री जितिन प्रसाद व स्वास्थ्य सेवाओं में बेहतरी के लिए डिप्टी सीएम बृजेश पाठक से भेंट की। उनके साथ विधायक विनोद सिंह, राजप्रसाद उपाध्याय, सांसद प्रतिनिधि रणजीत कुमार समेत अन्य मौजूद रहे।