सुल्तानपुर। भगवान श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की तैयारी जिले में जोर-शोर से चल रही है। शहर के पुलिस लाइन में इस बार भी लोगों को आकर्षक झांकी देखने को मिलेगी। शहर व कस्बों में जन्माष्टमी के झांकियों की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। जिला कारागार और पुलिस लाइन में मंदिर की साज-सज्जा व परिसर में रंग-बिरंगी लाइटें लगनी शुरू हो गई हैं। जन्माष्टमी की तैयारी को लेकर बाजारों में खरीदारों की भीड़ लग रही है।
भादौ माह के कृष्ण पक्ष की अष्टमी को मध्यरात्रि को अत्याचारी कंस का विनाश करने के लिए भगवान श्रीकृष्ण ने अवतार लिया था। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन मौके पर भगवान कान्हा की मोहक छवि देखने के लिए पुलिस लाइन में दूर-दूर से श्रद्धालु आते हैं।
श्रीकृष्ण जन्मोत्सव पर पूरा पुलिस लाइन परिसर कृष्णमय हो जाता है। सोमवार को पड़ने वाली जन्माष्टमी पर महिला-पुरुष रात 12 बजे तक व्रत रखेंगें। इस दिन मंदिरों में झांकियां सजाई जाती है और भगवान कृष्ण को झूला झुलाया जाता है। रासलीला का भी आयोजन होता है। जिले में सोमवार को श्रीकृष्ण जन्मोत्सव हर्षोल्लास से मनाया जाएगा।
पुलिस लाइंस परिसर में स्थित राधा-कृष्ण मंदिर को आकर्षक लाइटों से सजाया जा रहा है। प्रत्येक साल की तरह इस बार यहां पर लोगों को झांकी का नया स्वरूप देखने को मिलेगा। वहीं जिला कारागार में भी भगवान श्रीकृष्ण मंदिर की साज-सज्जा को अंतिम रूप देने में लोग जुटे हैं। शहर व कस्बे के मंदिरों में जन्माष्टमी की तैयारी को लेकर सारे इंतजाम पूरे कर लिए गए हैं। जन्माष्टमी की तैयारी को लेकर बाजार में भगवान के मुकुट, पालना आदि की खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ लग रही है।
कृष्ण रूप सज्जा प्रतियोगिता में महिमा अव्वल
कादीपुर। सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज झारखंड में शुक्रवार को श्रीकृष्ण जन्मोत्सव रूप सज्जा प्रतियोगिता हुई। इसमें कृष्ण के रूप में महिमा पांडेय प्रथम, पीयूष पांडेय द्वितीय व आर्या सिंह को तृतीय स्थान मिला। वहीं राधा के रूप में खुशी दुबे प्रथम, शांभवी सिंह द्वितीय, आकृति सिंह, अनन्या सिंह, तृप्ती मिश्रा व अनुष्का श्रीवास्तव को तीसरा स्थान प्राप्त हुआ।
प्रधानाचार्य प्रदीप कुमार त्रिपाठी ने कहा कि जन रक्षक, धर्म रक्षक और भक्त रक्षक श्रीकृष्ण ने धर्म की स्थापना के लिए अवतार लिया था। संगीताचार्य दीनबंधु सिंह के निर्देशन में सृष्टि रॉय, मोनी दुबे, जानवी सिंह, खुशी तिवारी, चंद्र प्रभा और वैष्णवी ने कृष्ण भजन गाकर लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस मौके पर विद्यालय के प्रबंधक दिनेश सिंह समेत कई लोग मौजूद रहे।