सुल्तानपुर। जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या कम नहीं हो रही है। लगातार तीसरे दिन संक्रमितों का आंकड़ा 100 के पार रहा। रविवार को रेलवे के स्टेशन मास्टर समेत 102 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। लगातार बड़ी संख्या में संक्रमितों के मिलने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा है। स्वास्थ्य विभाग ने रेलवे स्टेशन पर पहुंचकर रेल कर्मचारियों की एंटीजन के साथ आरटीपीसीआर जांच शुरू कर दी है। एहतियात के तौर पर रेलवे स्टेशन परिसर को सैनिटाइज किया जा रहा है।
रविवार को आई रिपोर्ट से 102 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। इसके साथ ही जिले में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 459 पहुंच गई है। सुल्तानपुर रेलवे स्टेशन के मास्टर कोरोना संक्रमित मिले हैं। इसकी जानकारी स्टेशन मास्टर ने विभाग को देते हुए खुद को होम क्वांरटीन कर लिया है। उन्होंने संपर्क में आए हुए सभी लोगों से अपनी कोरोना की जांच कराने को कहा है। रविवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम रेलवे स्टेशन पर पहुंची और रेल कर्मियों की जांच शुरू कर दी है। साथ ही स्टेशन को सैनिटाइज किया जा रहा है। एसीएमओ डॉ. लक्ष्मण सिंह ने बताया कि रविवार को एक दिन में 102 पॉजिटिव केस मिले हैं, जिन्हें होम क्वांरटीन किया गया है। कोरोना संक्रमितों की संख्या में रविवार को थोड़ी गिरावट आई है। अब तक जिले में कुल 459 कोरोना केस मिल चुके हैं।