लंभुआ। नगर पंचायत क्षेत्र में शुक्रवार को फर्नीचर की एक दुकान पर सामान खरीदने पहुंचे ग्राहक पर प्लाई बोर्ड की शीट गिर पड़ी। गंभीर हालत में उसे सीएचसी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
यह हादसा कस्बे के शाहपुर मोड़ पर मानवेंद्र सिंह की फर्नीचर के सामान की दुकान पर हुआ। शुक्रवार को दिन में एक ग्राहक उनकी दुकान में प्लाई बोर्ड खरीदने पहुंचा था। दुकान के बेसमेंट वाले हिस्से में प्लाई बोर्ड की रैक दिखाकर मानवेंद्र ऊपर कुछ सामान लाने चले गए।
इस दौरान अचानक प्लाई बोर्ड की रैक ग्राहक के ऊपर भर-भराकर गिर पड़ी, जिसके बीच ग्राहक दबकर गंभीर रूप से जख्मी हो गया। किसी तरह मानवेंद्र ने पड़ोसी दुकानदारों की मदद से ग्राहक को निकाल कर अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने घायल को मृत घोषित कर दिया। मृतक की शिनाख्त खुनशेखपुर गांव निवासी राम बहाल (45) के रूप में हुई है।
वह अपने ससुराल घरवासपुर (रहतीपुर) गांव में काफी दिनों से रह रहा है। शुक्रवार को भी वह ससुराल से ही बाजार गया था। कोतवाल सुनील कुमार पांडेय ने बताया कि तहरीर मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी।