सुल्तानपुर। विधान परिषद चुनाव के लिए दाखिल एक नाम निर्देशन पत्र जांच के दौरान मंगलवार को खारिज कर दिया गया। एक नाम निर्देशन पत्र खारिज होने के बाद अब भाजपा व सपा समेत चार प्रत्याशी मैदान में बचे हैं। 24 मार्च को नाम वापस लिए जा सकेंगे और नौ अप्रैल को चुनाव कराया जाएगा। नामांकन पत्रों की जांच के दौरान प्रत्याशियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
विधान परिषद के चुनाव की नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद मंगलवार को सुबह से नाम निर्देशन पत्रों की जांच शुरू हुई। डीएम/निर्वाचन अधिकारी रवीश गुप्ता समेत अन्य अधिकारियों ने एमएलसी चुनाव के लिए दाखिल पांचों दावेदारों के नाम निर्देशन पत्रों की जांच की। जांच के दौरान पूनम निवासी भरखरे का नाम निर्देशन पत्र अपूर्ण पाया गया है। नामांकन में प्रस्तावक भी नहीं पाए गए। कागजात अपूर्ण मिलने पर निर्वाचन अधिकारी ने पूनम का नामांकन पत्र खारिज कर दिया। जांच के दौरान भाजपा प्रत्याशी शैलेंद्र प्रताप सिंह, सपा प्रत्याशी शिल्पा प्रजापति, देवी प्रसाद पांडेय व इंद्रकुमार का नामांकन पत्र पूर्ण पाया गया।
निर्वाचन अधिकारी ने चारों का नाम निर्देशन पत्र वैध करार दिया। अब भाजपा, सपा व दो निर्दलीय प्रत्याशी मैदान में बचे हैं। नामांकन पत्रों की जांच के दौरान भाजपा, सपा व निर्दलीय प्रत्याशी व उनके प्रतिनिधि मौजूद रहे। 24 मार्च को नाम निर्देशन पत्र वापस लिए जा सकेंगे। निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि नौ अप्रैल को एमएलसी चुनाव के लिए मतदान कराया जाएगा। जांच के दौरान सहायक निर्वाचन अधिकारी बी प्रसाद समेत अन्य मौजूद रहे।