सुल्तानपुर। प्रदेश के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण व जिले के प्रभारी मंत्री ने बुधवार को कहा कि 16 जिलों में निजी संस्था की ओर से मेडिकल कॉलेज का संचालन किया जाएगा। पीपी मॉडल पर संचालित होने वाले मेडिकल कॉलेज के लिए ई-टेंडरिंग की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। बुधवार को एक निजी नर्सिंग इंस्टीट्यूट का उद्घाटन करने के बाद वे पत्रकारों से बात कर रहे थे।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण व जिले के प्रभारी मंत्री जयप्रताप सिंह ने कहा कि सरकार की मंशा प्रत्येक जिले में मेडिकल कॉलेज के संचालन की है। इसका कार्य चल रहा है। स्वास्थ्य सेवाओं का 70 फीसदी हिस्सा निजी क्षेत्र को दिया गया है। 30 फीसदी अस्पतालों की सरकार की ओर से मॉनिटरिंग की जा रही है। 10 जिलों में एयरपोर्ट बनकर तैयार हो गए हैं। राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय उड़ानों को बढ़ावा देने के लिए सरकार सुल्तानपुर में एयरपोर्ट का निर्माण कराएगी।
उन्होंने स्वास्थ्य संबंधी योजनाओं को गिनाया। इससे पूर्व स्वास्थ्य मंत्री ने भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. आरए वर्मा की ओर से गोलाघाट के पास स्थापित नर्सिंग इंस्टीट्यूट का लोकार्पण किया। लोकार्पण कर उन्होंने उम्मीद जताई कि निजी क्षेत्र का इंस्टीट्यूट योग्य चिकित्सा कर्मियों को निकालेगा। इस मौके पर पल्लवी वर्मा, जगजीत सिंह छंगू, डॉ. सीता शरण त्रिपाठी, संतबक्श सिंह, चंदन नारायण सिंह, अरुण द्विवेदी, विजय सिंह रघुवंशी मौजूद रहे।
प्राइवेट लिमिटेड की तरह संचालित हो रही कांग्रेस
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा की ओर से विधानसभा चुनाव में 40 फीसदी महिलाओं का टिकट दिए जाने के सवाल पर स्वास्थ्य मंत्री ने तंज कसा। कहा कि कांग्रेस जब सत्ता में होती है तब पिछड़े, दलित व महिलाएं उसे याद नहीं आते। कांग्रेस को प्रियंका गांधी प्राइवेट लिमिटेड की तरह संचालित कर रही हैं। भाजपा ने योग्य महिलाओं के लिए दरवाजे खोल रखे हैं। कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी की विधायक पुत्री आराधना मिश्रा का कद बढ़ाए जाने पर स्वास्थ्य मंत्री ने इसे परिवारवाद की संज्ञा दी।