सुल्तानपुर। जिला अस्पताल में शुक्रवार को चिल्ड्रेन वार्ड में जगह नहीं होने पर चिकित्सक के ओपीडी कक्ष को ही वार्ड बनाकर बच्चों को भर्ती किया गया। 1257 मरीजों को चिकित्सकों ने ओपीडी में देखा। इनमें से सर्वाधिक मरीज बुखार से पीड़ित पाए गए। बुखार से पीड़ित बच्चों में सांस की तकलीफ होने पर उन्हें ऑक्सीजन दिया जा रहा है।
जिला अस्पताल का चिल्ड्रेन वार्ड मरीजों से भर जाने पर शुक्रवार को डॉ. गोपाल प्रसाद रजक की ओपीडी को वार्ड बना दिया गया। ओपीडी से वार्ड में तब्दील हुए कक्ष में बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. दिनेश कुमार सांस लेने में तकलीफ होने पर बच्चों को ऑक्सीजन देकर उपचार करने में जुटे रहे। जिला अस्पताल में 21 माह के अंशुमान पुत्र विनीज निवासी अलीगंज बंधुआकलां, प्रियांशु (3) पुत्र मनोज निवासी भाईं धम्मौर, छह माह के तेजश्वी पुत्र सुरेश निवासी फिरोजपुर कलां, अमित (3) पुत्र अशोक निवासी भगवानपुर लंभुआ को तेज बुखार होने पर अस्पताल में शुक्रवार को भर्ती किया गया।