करौंदीकलां (सुल्तानपुर)। मां के साथ दवा लेने करौंदीकलां बाजार आई एक बालिका का बाइक सवार दो बदमाशों ने अपहरण कर लिया। इस घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस में हड़कंप मच गया लेकिन देर शाम तक बालिका सुराग नहीं लग सका।
क्षेत्र के डड़वा खालिसपुर गांव निवासी राजमनि की पत्नी सुनीता देवी शनिवार की दोपहर अपनी बेटी लक्ष्मी (12) के साथ दवा लेने करौंदीकलां बाजार पहुंची थी। सुनीता एक मेडिकल स्टोर से दवा ले रही थी, जबकि बेटी लक्ष्मी सड़क किनारे खड़ी थी।
तभी एक बाइक से दो बदमाश पहुंचे और सड़क से खींचकर लक्ष्मी को बाइक पर बैठा लिया। लक्ष्मी ने शोर मचाया तो मेडिकल स्टोर संचालक और उसकी मां दौड़े, लेकिन तब तक बदमाश उसका अपहरण कर फरार हो चुके थे।
घर पहुंचकर सुनीता ने जानकारी राजमनि को दी। पिता ने पुलिस को बताया। थाना प्रभारी विजय कुमार सिंह मेडिकल स्टोर पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। एसओ ने बताया कि घेराबंदी करके अपहरणकर्ताओं का पता लगाया जा रहा है।