सुल्तानपुर। युवा कल्याण विभाग एवं प्रादेशिक विकास दल विभाग की ओर से शहर के पं. राम नरेश त्रिपाठी सभागार में मंगलवार को जनपदीय युुवा उत्सव का आयोजन होगा। इसमें लोक नृत्य, लोक गीत, एकांकी, कत्थक नृत्य, तबला वादन, हारमोनियम वादन समेत अन्य कई लोक विधाओं के प्रतिभागी शामिल होंगे।
विभिन्न विधाओं में संबंधित प्रतिभागियों के बीच प्रतिस्पर्धा होगी। प्रतिस्पर्धा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा। इसके साथ ही उन्हें मंडल स्तरीय पर 30 सितंबर को आयोजित प्रतिस्पर्धा में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने का मौका मिलेगा। इस संबंध में जिला युवा कल्याण अधिकारी राजेश वर्मा ने बताया कि जनपदीय युवा उत्सव में सिर्फ 15 से 29 आयु के प्रतिभागी शामिल हो सकते हैं। वे 28 सितंबर (मंगलवार) को सुबह 10 बजे पं. राम नरेश त्रिपाठी सभागार पहुंचकर कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए अपना पंजीयन करा सकते हैं।