सुल्तानपुर। लखनऊ-गाजीपुर पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के बहुप्रतीक्षित उद्घाटन की तैयारियां शुरू हो गई हैं। नवंबर माह में ही इसके उद्घाटन की संभावना जताई जा रही है। शासन के निर्देश पर प्रशासन ने कार्यदायी संस्था से तकनीकी व गुणवत्ता पहलुओं की जांच रिपोर्ट मांगी है।
करीब 42 हजार करोड़ रुपये से बनकर तैयार हो रहे लखनऊ-गाजीपुर पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के उद्घाटन की कवायद शुरू हो गई है। जिले के कूरेभार के गौरा ग्राम पंचायत में एक्सप्रेस-वे पर बनी एयर स्ट्रिप पर उद्घाटन की तैयारी संभावित है। मंगलवार को डीएम रवीश गुप्ता ने कार्यदायी संस्था व अन्य अधिकारियों के साथ बैठक की। कलेक्ट्रेट में हुई बैठक में डीएम ने कार्यदायी संस्था से रनवे की गुणवत्ता व तकनीकी पहलुओं की जांच रिपोर्ट मांगी है। कंपनी को साफ-सफाई व पेटिंग आदि कार्य जल्द पूरा कराने का निर्देश दिया गया है। इसके पहले कार्य प्रगति की जानकारी ली गई। सूत्रों के मुताबिक एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन 15 नवंबर को प्रधानमंत्री से कराए जाने की तैयारी चल रही है। उद्घाटन के पहले एयर स्ट्रिप का ट्रायल भी संभावित है। हालांकि अभी तक शासन से उद्घाटन की तिथि तय नहीं हो सकी है। बैठक में सीएमओ डॉ. डीके त्रिपाठी, डीपीआरओ आरके भारती समेत अन्य मौजूद रहे।