बस स्टेशन के पास अतिक्रमण हटवाते अधिकारी।
- फोटो : SULTANPUR
सुल्तानपुर। शहर में वाहनों के आवागमन में बाधा बन रहे अतिक्रमण पर बृहस्पतिवार को बुलडोजर चलाया गया। प्रशासन व नगर पालिका की टीम ने पुलिस बल के साथ नगर कोतवाली से बस स्टेशन होते हुए गोलाघाट तक सड़क की दोनों पटरियों से अतिक्रमण को हटवाया। सड़क की पटरियों पर लगाई गई अवैध होर्डिंग्स को भी तोड़ा और हटाया गया। कुछ अतिक्रमण को हटाने की मोहलत भी दी गई।
टीम ने दो चरण में अभियान चलाया। पहले कोतवाली नगर से गोलाघाट के बीच में बाईं पटरी पर हुए अतिक्रमण को हटवाया गया। इसके बाद गोलाघाट से दाहिनी तरफ की पटरी के अतिक्रमण को हटवाया गया। जेसीबी लगाकर दोनों पटरियों पर लगाई गई प्रचार होर्डिंग्स को भी उखाड़ दिया गया। इस अभियान में कोतवाली नगर के पहले तहसील गेट, जीआईसी, एसबीआई के निकट, बस स्टेशन, डीएम आवास होते हुए गोलाघाट की तरफ अतिक्रमण हटाया गया। कुछ लोगों ने जेसीबी और टीम को देखते हुए सड़क पटरी पर रखीं गुमटियां व दुकानेेें हटा लीं।
फुटपाथ पर ठेला लगाने वाले लोग भी सामान समेटकर गलियों में भाग गए। कुछ गुमटी रखने वाले लोगों ने मोहलत भी मांगी। सड़क की पटरियों पर अतिक्रमण करने वाले लोगों को दोबारा कब्जा नहीं करने की चेतावनी दी गई। अभियान में अतिरिक्त मजिस्ट्रेेट कहकशां अंजुम, एआरटीओ (प्रवर्तन) राकेश वर्मा, नगर पालिका के कर अधीक्षक मेंहदी अख्तर आब्दी, पीडब्ल्यूडी के अवर अभियंता के साथ पुलिस बल भी मौजूद था। नगर पालिका के एसआई ने बताया कि अतिक्रमण हटाओ अभियान जारी रहेगा।