लंभुआ कोतवाली क्षेत्र के गोपालपुर मधैया गांव में जमीन विवाद को लेकर शुक्रवार रात युवक को उसके घर के सामने विपक्षियों ने गोली मार दी। घायल युवक को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया।
घायल युवक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। लंभुआ कोतवाली क्षेत्र के गोपालपुर मधैया गांव निवासी राजेश विश्वकर्मा का पड़ोस के ही राम अभिलाष वर्मा से भूमि विवाद चल रहा है।
शुक्रवार रात राजेश का भाई अवधेश (26) घर के सामने स्थित छप्पर के नीचे चारपाई पर बैठा था। तभी राम अभिलाष और उनका एक रिश्तेदार दिनेश वर्मा वहां पहुंच गए। इससे पहले कि अवधेश कुछ समझता, दिनेश ने असलहे से उस पर फायर झोंक दिया।
गोली लगते ही अवधेश गिर पड़ा। यह देखकर वहां मौजूद उसकी मां ने शोर मचाना शुरू कर दिया। जब तक ग्रामीण मौके पर पहुंचते दिनेश व राम अभिलाष भाग निकले। परिवारीजन आनन-फानन में अवधेश को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया।
पुलिस ने अवधेश के भाई राजेश विश्वकर्मा की तहरीर पर दिनेश व राम अभिलाष के खिलाफ केस दर्ज किया है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक लंभुआ चंद्रशेखर सिंह ने बताया कि मामला जमीन विवाद से जुड़ा है। घायल के भाई की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।