जगदीशपुर (अमेठी)। अलग-अलग स्थानों पर हुई सड़क दुर्घटनाओं में महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई जबकि दो युवकों को गंभीर हालत में चिकित्सकों ने ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया।
पहली घटना जगदीशपुर थाना क्षेत्र के कटेहटी पुल के पास हुई। बुधवार की दोपहर दो बाइकों के बीच हुई आमने-सामने की भिड़ंत में शहजादी (30) पत्नी मोहम्मद जफर, दिलीप कुमार (20) पुत्र जग प्रसाद निवासी निहालपुर थाना जगदीशपुर और दूसरी बाइक पर सवार इश्तियाक अहमद (25) पुत्र आजाद निवासी भीखीपुर कोतवाली मुसाफिरखाना गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को सीएचसी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने शहजादी को मृत घोषित कर दिया जबकि दिलीप कुमार और इश्तियाक अहमद को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया।
दूसरी दुर्घटना इल्मासगंज के पास हुई। साइकिल सवार राधेश्याम (65) निवासी इल्मासगंज थाना जगदीशपुर को बुधवार की सुबह अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल राधेश्याम को परिवारीजन लेकर जिला अस्पताल सुल्तानपुर जा रहे थे कि रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। दुर्घटना के समय बाइक सवार लोगों ने हेलमेट नहीं पहना था।