मुसाफिरखाना थाना क्षेत्र के गांव शमशेरिया स्थित दुर्गन भवानी धाम से छह दिन पूर्व दिनदहाड़े चोरी गईं तीन मूर्तियों को बरामद करने के साथ पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। बरामद की गईं तीनों मूर्तियों की कीमत करीब 2.75 लाख रुपये है। आरोपी का चालान सोमवार दोपहर बाद न्यायालय भेजा गया है।
मुसाफिरखाना थाने के शमशेरिया गांव में दुर्गन भवानी का मंदिर है। इस मंदिर में बीते 31 अगस्त को पूजा करने के बहाने पहुंचा एक युवक दिनदहाड़े तीन मूर्तियां चुरा ले गया। इसकी जानकारी होने पर मंदिर प्रशासन में हड़कंप मच गया। मंदिर प्रशासन की सूचना पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले का खुलासा करने की दिशा में काम शुरू किया। एसओ शिवमुनि यादव ने सोमवार सुबह मुंशीगंज थाना क्षेत्र के रामदीन पांडेय का पुरवा मजरे सेवई निवासी साबिर अली को धर दबोचा।
पुलिस की पूछताछ में साबिर ने मूर्ति चोरी करने की बात कबूल करते हुए तीनों मूर्तियां बरामद करवा दीं। सोमवार दोपहर बाद अपने कार्यालय सभागार में मीडिया से मुखातिब एसपी हीलालाल व एएसपी टीएन त्रिपाठी ने मामले का खुलासा किया।