जिला खाद्य आपूर्ति विभाग ने मंडी शहर में फल और सब्जियों की दुकानों में औचक निरीक्षण किया। दबिश के दौरान 47 दुकानदारों पर बिना रेट लिस्ट के सामान बेचने पर कार्रवाई की गई। विभागीय टीम ने 11 क्विंटल 72 किलोग्राम सब्जी और 55 दर्जन केले दुकानदारों से जब्त किए हैं। विभाग की इस औचक निरीक्षण से शहर के कारोबारियों में हड़कंप मच गया। कई कारोबारी टीम के आने से पहले सामान समेटते दिखे। टीम ने मंडी शहर के चौहाटा बाजार, पुराना बस स्टैंड, सकोडी पुल, स्कूल बाजार, कॉलेज रोड सहित अन्य स्थानों में दबिश दी। इस दौरान कई दुकानदार बिना रेट लिस्ट लगाए फल और सब्जियों का व्यापार कर रहे थे। जिसके चलते विभाग की टीम ने 47 दुकानदारों से 11 क्विंटल 72 किलोग्राम सब्जियां और फल जब्त किए हैं।
उधर, इस बारे में जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक मिलाप शांडिल ने कहा कि बिना रेट लिस्ट के सामान बेचने वाले दुकानदारों के खिलाफ विभाग कड़ी कार्रवाई कर रहा है। उन्होंने कहा कि दबिश के दौरान 47 दुकानदारों के चालान काटे गए हैं।