दस दिन पहले घर से लापता किशोरी का शव शनिवार को मझौवा जंगल में जंगली जानवर की मांद में मिला। चरवाहों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। एसपी ने घटना स्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने पिता की तहरीर पर रामशंकर यादव व शिवनारायन उर्फ हरि बाबा के खिलाफ हत्या कर शव छिपाने का मुकदमा दर्ज किया है। मामला स्थानीय थाना क्षेत्र के मकदूमपुर गांव से जुड़ा है।
जगदीशपुर थाना क्षेत्र के मकदूमपुर गांव निवासी सरदार सिंह की पुत्री सोनी सिंह (13) बीते तीन मई की दोपहर मां से खेत जाने की बात कहकर घर से निकली थी। देर शाम तक जब सोनी घर नहीं पहुंची तो परिवारीजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला।
दूसरे दिन पुलिस ने पिता की तहरीर पर सोनी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की थी। शनिवार दोपहर मकदूमपुर गांव से दूर स्थित मझौवा जंगल में जानवरों को चराने गए चरवाहों की नजर जंगल में जानवर की मांद पर पड़ी, जहां किशोरी का शव पड़ा था।
चरवाहों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। इस बीच दूर-दराज के गांवों के साथ ही मकदूमपुर से पहुंचे सरदार सिंह ने शव की पहचान सोनी के रूप में की। एसओ जगदीशपुर राजकुमार यादव ने बताया कि पूर्व में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट को हत्या व शव छिपाने की धारा में तरमीम कर युवकों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
पुलिस अधीक्षक अनीस अहमद अंसारी ने कहा कि प्रथम दृष्टया हत्या का मामला लग रहा है। एएसपी राहुलराज के नेतृत्व में स्वाट टीम के साथ ही पुलिस को घटना के खुलासे के लिए लगाया गया है। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।