लखनऊ-बलिया राजमार्ग पर स्थित गोसाईगंज कस्बे में सोमवार की दोपहर स्कूल से लौट रहे एक छात्र को तेज रफ्तार मवेशियों से लदे मिनी ट्रक ने रौंद दिया। दुर्घटना में छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। इससे नाराज ग्रामीणों ने राजमार्ग जामकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। एसडीएम ने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की घोषणा की तब जाकर लोग शांत हुए। करीब घंटे भर मार्ग बाधित होने से राहगीरों को परेशानी उठानी पड़ी।
गोसाईगंज थाना क्षेत्र के कस्बा निवासी महेश बरनवाल का सात वर्षीय बेटा सूरज बरनवाल कस्बे के पास प्राथमिक पाठशाला में कक्षा एक का छात्र था। सोमवार को दोपहर बाद छुट्टी होने पर सूरज पैदल ही घर लौट रहा था। सूरज कस्बे में पहुंचा ही था तभी मवेशियों से लदे तेज रफ्तार मिनी ट्रक ने उसे रौंद दिया। दुर्घटना में सूरज की मौके पर ही मौत हो गई। बच्चे की मौत से नाराज ग्रामीणों ने कस्बे में लखनऊ-बलिया राजमार्ग जामकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
जाम की सूचना पाते ही एसडीएम जयसिंहपुर सलिल पटेल गोसाईगंज थाने की पुलिस के साथ वहां पहुंच गए। लोगों की मांग थी कि पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दी जाए। एसडीएम ने पीड़ित परिवार को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि यदि मृत बच्चे के पिता भूमिहीन होंगे तो उन्हें पट्टे पर जमीन दे दी जाएगी। एसडीएम के समझाने-बुझाने पर लोग शांत हो गए। पुलिस ने मिनी ट्रक के चालक को गिरफ्तार कर वाहन को सीज कर दिया।