नंदवल बाजार में पंचायत की जमीन पर कब्जे को लेकर हुई हिंसा के चलते सोमवार को दुकानें बंद रहीं। तनाव को देखते हुए पूरे बाजार में पुलिस के साथ पीएसी तैनात है। डर के चलते लोग घरों में दुबके रहे।
आगजनी, फायरिंग व पत्थरबाजी की घटना में प्रधान, पूर्व प्रधान समेत 32 लोगों को नामजद करते हुए 150 अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। इनमें प्रधान व पूर्व प्रधान समेत 28 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
बौंडी क्षेत्र की नंदवल बाजार स्थित ग्राम पंचायत भवन की जमीन पर पूर्व प्रधान मोहम्मद याकूब ने अपना कब्जा जताते हुए रविवार सुबह कई समर्थकों के साथ चारदीवारी ढहा दी। विरोध पर प्रधान पक्ष के लोगों से झगड़ा हो गया। इसके बाद दोनों पक्ष के दर्जनों लोगों ने पथराव किया।
फायरिंग की गई। हिंसा के दौरान चार दुकानें जला दी गईं। मौके पर पहुंची कई थानों पुलिस और पीएसी ने किसी तरह हालात पर काबू पाया। हिंसा के बाद तनाव के चलते सोमवार को बाजार पूरी तरह बंद रहा। लोग अपने घरों में दुबके रहे। पुलिस और पीएसी के जवान दिन भर बाजार में गश्त करते रहे।
एसपी सालिकराम वर्मा के मुताबिक आगजनी, फायरिंग और सरकारी जमीन पर कब्जेदारी के मामले में क्रास केस दर्ज किया गया है। मोहम्मद याकूब की तहरीर पर 22 लोगों के खिलाफ और प्रधान विनोद की तहरीर पर 10 नामजद तथा 150 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट लिखी गई है।
प्रधान विनोद कुमार व पूर्व प्रधान मोहम्मद याकूब समेत 28 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अन्य फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। एसपी के मुताबिक मौके पर एडीएम विद्याशंकर सिंह की अगुवाई में पुलिस फोर्स कैंप कर रही है।