नौ दिन पूर्व दिनदहाड़े गोली मारकर की गई पत्रकार की हत्या में फरार चल रहे शूटर समेत दो आरोपियों को रविवार को एसटीएफ ने चारबाग लखनऊ से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की निशानदेही पर सोमवार को पुलिस ने अखंडनगर क्षेत्र से हत्या में प्रयुक्त बाइक व पिस्टल भी बरामद की है।
अंबेडकरनगर जिले के हंसवर थाना अंतर्गत तरौली मुबारकपुर गांव निवासी पत्रकार करुण मिश्र (28) की बीते 13 फरवरी को हत्या कर दी थी। एसटीएफ व जिले की पुलिस ने बीते 18 फरवरी को हत्या में शामिल राहुल सिंह, पवन सिंह निवासी रामनगर कोट, संदीप सिंह निवासी माल्हा थाना कोतवालीनगर, अजय सिंह निवासी रामपुर कोतवाली कादीपुर, हैदर अब्बास उर्फ गब्बर निवासी मनियारपुर थाना कुड़वार को गिरफ्तार किया था।
हत्या में शामिल अमन सिंह पुत्र उदयभान सिंह निवासी जगदीशपुर कादीपुर थाना राजे सुल्तानपुर जिला अंबेडकरनगर और केशरी उपाध्याय उर्फ मामा उर्फ सोनू पुत्र विद्याधर उपाध्याय निवासी करीमुद्दीनपुर बाजार कौड़िहार थाना नवाबगंज जिला इलाहाबाद फरार चल रहे थे। रविवार को एसटीएफ लखनऊ ने जिले के गोसाईगंज थानाध्यक्ष देवेश कुमार के साथ लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन के पास गिरफ्तार कर लिया। सोमवार को आरोपियों को हिरासत में लेकर पुलिस ने अखंडनगर थाना क्षेत्र के राहुल नगर ताजुद्दीनपुर गांव से हत्या में प्रयुक्त नाइन एमएम पिस्टल व एक बाइक बरामद की। एसपी विनय कुमार ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ एनएसए की कार्रवाई की जाएगी।
गोंडा में एक ब्लॉक प्रमुख के थे गनर
सुल्तानपुर। पत्रकार की हत्या में शामिल केशरी उपाध्याय उर्फ मामा उर्फ सोनू और अमन सिंह गोंडा के एक ब्लॉक प्रमुख के गनर थे। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ इलाहाबाद, अंबेडकरनगर, आजमगढ़, सुल्तानपुर, फैजाबाद में जानलेवा, हत्या, 7 क्रिमिनल एक्ट की धारा में मुकदमा दर्ज है। दोनों आरोपी गोंडा के एक ब्लॉक प्रमुख के गनर थे। हालांकि एसपी ने ब्लॉक प्रमुख के नाम का खुलासा नहीं किया।