शहर के रेलवे स्टेशन रोड पर बृहस्पतिवार को गैस किट से संचालित स्कूली वैन में अचानक शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। आसपास के लोगों की मदद से बच्चे वैन से उतरकर दूर जा खड़े हुए। जबकि एक छात्रा मामूली रूप से झुलस गई।
बृहस्पतिवार को कुड़वार नाका स्टेशन मोड़ पर पहुंची स्कूल वैन अचानक हीट हो गई, जिससे उसमें धुआं निकलने लगा। इसके बाद बच्चे शोर मचाने लगे। आस-पास के लोग वैन के पास इकट्ठा हो गए। बच्चों को निकालने की कोशिश में वैन के आगे ड्राइविंग सीट के बगल का गेट नहीं खुल सका। लोगों की काफी मशक्कत के बाद आखिरकार गेट खोला। इस दौरान आस-पास के लोगों ने पानी और धूल डालकर आग बुझाई।
सभी बच्चों को सकुशल वैन से बाहर निकाला गया। इस दौरान एक बच्ची का पैर मामूली रूप से झुलस गया। सूचना पर बच्चों के अभिभावक अभिभावक भी पहुंच गए। वैन शहर के सिविल लाइन स्थित टाइनी टॉट्स पब्लिक स्कूल की बताई जा रही है। इस संबंध में स्कूल के प्रबंधक अजय श्रीवास्तव ने बताया कि वैन उनके स्कूल से संबद्ध नहीं है। अभिभावकों ने खुद बच्चों के लिए वैन लगाई थी। दुर्घटना के बाद चालक मौके से वाहन लेकर चला गया।