मुंशीगंज थानाध्यक्ष के रवैए से आजिज ग्रामीण सोमवार को सड़क पर उतर पड़े। ग्रामीणों ने एसपी कार्यालय का घेराव कर एसओ के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। ग्रामीणों ने एसपी को ज्ञापन देकर एसओ को तत्काल हटाने की मांग की।
मुंशीगंज थाने के गांव हरिहरपुर से आए ग्रामीणों ने सोमवार को एसपी कार्यालय के बाहर नारेबाजी शुरू कर दी। ग्रामीण एसओ मुंशीगंज प्रह्लाद सिंह व गांव के रहने वाले एक दलाल के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। ग्रामीणों का कहना था कि उनके गांव का रहने वाला यह दलाल थानाध्यक्ष को हमवार करके पूरे गांव को नाजायज तरीके से परेशान करता है। पुलिसिया कार्रवाई की दहशत दिखाकर लोगों से वसूली करता है।
इतना ही नहीं थाने में कई अन्य दलाल भी सक्रिय हैं। दलालों के बिना कोई फरियादी न तो एसओ से सीधे मिल सकता है न ही अपनी बात कह सकता है। प्रदर्शन करने के बाद ग्रामीणों ने एसपी हीारालाल को ज्ञापन देकर अपने गांव के रहने वाले दलाल के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई करने और एसओ प्रह्लाद सिंह को मुंशीगंज से हटाए जाने की मांग की। एसपी की ओर से जांच कर कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद ग्रामीण वापस लौटे। इस मौके पर रामसुमेर पाठक, पंकज पांडेय, अशोक कुमार तिवारी, विंद्रा प्रसाद पाठक, मुस्लिम, रामकृष्ण, ओमप्रकाश, रामजस, पिंटू दुबे सहित कई अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।