क्रय केेंद्रों पर अनियमितता की प्रतिदिन मिल रही शिकायत से आजिज डीएम ने शुक्रवार को जिले के दो क्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गेहूं विक्रय के बावजूद किसानों के खाते में भुगतान नहीं होने की जानकारी से नाराज डीएम ने शाखा प्रबंधक पीसीएफ के साथ ही कॉर्पोरेशन बैंक के शाखा प्रबंधक व सहायक प्रबंधक के खिलाफ केस दर्ज करवाने का आदेश डिप्टी आरएमओ को दिया। डीएम ने क्रय केंद्रों पर किसानों को परेशानी होने तथा 24 घंटे में भुगतान नहीं होने की स्थिति में जिम्मेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का अल्टीमेटम दिया है।
किसानों की सहूलियत के लिए खोले गए सरकारी क्रय केंद्रों पर अधिक पल्लेदारी वसूलने सहित कई अन्य शिकायतों से आजिज डीएम योगेश कुमार ने शुक्रवार को विपणन शाखा व पीसीएफ के गौरीगंज क्रय केंद्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कॉर्पोरेशन बैंक से किसानों के खाते में भुगतान नहीं करने का मामला प्रकाश में आया। प्रबंधक अमित गुप्ता तथा सहायक प्रबंधक नीरज कुमार रावत की ओर से किसानों को अनावश्यक परेशान करने की जानकारी मिली।
साथ ही पीसीएफ के क्रय केंद्र से ही बैंकों को किसानों के भुगतान पर कार्रवाई नहीं करने का पता चला। किसानों को भुगतान में अनावश्यक विलंब से नाराज डीएम ने कॉर्पोरेशन बैंक के प्रबंधक अमित गुप्ता व सहायक प्रबंधक नीरज कुमार रावत के साथ ही जिला प्रबंधक पीसीएफ बीके सिंह के खिलाफ केस दर्ज करवाने का आदेश डिप्टी आरएमओ भीमाचंद गौतम को दिया। डीएम ने क्रय पर गेहूं की ब्रिकी करने में किसानों को परेशानी होने तथा 24 घंटे के अंदर भुगतान नहीं करने पर जिम्मेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का अल्टीमेटम दिया है।