किशोरी को घर में बंधक बनाकर एक युवक ने रेप किया। किशोरी का परिवारीजन घर पर ही इलाज करा रहे थे कि सोमवार की शाम उसकी मौत हो गई। पुलिस ने पिता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस तैनात की गई है। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने गांव पहुंचकर हालात का जायजा लिया।
जामों थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 15 वर्षीय किशोरी रविवार की दोपहर घर में अकेली थी जबकि उसके माता-पिता खेत गए थे। इस बीच गांव का ही अनंत राम चौरसिया घर में पहुंच गया और किशोरी का हाथ-पैर बांधकर उसके साथ दुष्कर्म किया। शाम को खेत से जब किशोरी के परिवारीजन वापस घर पहुंचे तो बेटी को घर में बदहवास देखा। परिवारीजनों ने किशोरी के मुंह पर पानी का छीटा मारा तो वह होश में आई। किशोरी ने परिवारीजनों से आपबीती सुनाई।
परिवारीजनों ने तत्काल घटना की सूचना एसओ जामों भरत उपाध्याय को दी। सूचना पाते ही एसओ पुलिस टीम के साथ गांव पहुंचे। पुलिस ने पीड़िता के पिता की तहरीर पर आरोपी अनंतराम के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और दुष्कर्म की धारा में केस दर्ज किया था। पीड़िता की हालत नाजुक थी। परिवारीजन उसका घर पर ही इलाज करा रहे थे। सोमवार की शाम अचानक किशोरी की मौत हो गई। किशोरी की मौत से गांव में तनाव फैल गया।
गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस तैनात की गई है। देर शाम जिलाधिकारी चंद्रकांत पांडेय और एसपी हीरालाल ने गांव पहुंचकर हालात का जायजा लिया। जिलाधिकारी चंद्रकांत पांडेय और एसपी हीरालाल ने बताया कि मामला गंभीर है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है। पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।