स्थानीय थाना क्षेत्र के रामपुर थुआ मजरे हेमनापुर गांव में सोमवार की दोपहर एक कार्यक्रम के दौरान चूल्हे की चिंगारी के छप्पर पर गिरने से आग लग गई। आग की चपेट में आने से 40 मकान जलकर राख हो गए। घटना में एक मवेशी की मौत हो गई। आग से करीब 20 लाख की संपत्ति के नुकसान का अनुमान है।
बल्दीराय थाना क्षेत्र के रामपुरथुआ मजरे हेमनापुर गांव में सोमवार की दोपहर करीब दो बजे रामदेव निषाद के यहां भंडारे के आयोजन की तैयारी चल रही थी। भोज को लेकर छप्पर के नीचे प्रसाद तैयार किया जा रहा था। इसी बीच चूल्हे से निकली चिंगारी छप्पर पर गिर गई।
चिंगारी गिरने से छप्पर में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने आसपास के मकानों को भी चपेट में ले लिया। घटना में रघुनाथ, हरि नरायन, जगनरायन, बलराम, महंगू, राम लौट,पतरका, कुन्ना, रामकली, राम मूरत, मुन्नी लाल, पंचम, हेमराज, सुरेश, राम बहादुर, श्याम कला, कुन्ने, कलाबू, सीता पती, जग्गी, ललितादेवी, राम किशुन समेत 40 लोगों के मकान जल गए। आग से देवीदीन पांडेय की बाइक भी जल गई। जगनरायन की एक बकरी की जलने से मौत हो गई।