दोस्तों के साथ हाईवे किनारे ढाबे पर खाना खा रहे दो हत्याओं के आरोपी युवक को कार सवार तीन युवकों ने गोली मार दी। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। परिवारीजन युवक को लेकर लखनऊ जा रहे थे कि रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मृतक के भाई की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है।
कोतवाली नगर क्षेत्र के घरहा निवासी फैय्याज अहमद (37) पुत्र इसरार अहमद की शहर के तिकोनिया पार्क के पास ऑटो पॉर्ट्स की दुकान है। सोमवार की रात करीब नौ बजे फैय्याज अपने दोस्त तज्जू, बंटी निवासी पांचोपीरन और करौंदिया निवासी निसार के साथ कार से लखनऊ-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित अमहट के पास मुस्कान ढाबे पर खाना खाने गया था। फैय्याज अपने तीनों दोस्तों के साथ ढाबे पर खाना खा रहा था।
करीब साढ़े 10 बजे स्विफ्ट डिजायर कार से तीन युवक वहां पहुंचे जिनसे फैय्याज की कुछ कहासुनी हुई। इस दौरान एक युवक ने फैय्याज के पेट में सटाकर दो गोली मार दी। गोली चलते ही ढाबे पर भगदड़ मच गई। फैय्याज को गोली मारने के बाद तीनों युवक फरार हो गए। गंभीर हालत में फैय्याज को लेकर उसके दोस्त जिला अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया।
घटना की सूचना पाते ही नगर कोतवाल वीपी सिंह, एसआई एसपी सिंह, एसआई राघवेंद्र प्रताप सिंह पुलिस टीम के साथ अस्पताल पहुंच गए। परिवारीजन फैय्याज को लेकर ट्रॉमा सेंटर लखनऊ जा रहे थे कि रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। नगर कोतवाल वीपी सिंह ने बताया कि पुलिस ने मृतक के भाई इस्तिखार अहमद उर्फ पिंटू की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।