कूरेभार थाने से मात्र डेढ़ सौ मीटर की दूरी पर बृहस्पतिवार की देर रात घर में घुसकर एक युवक ने लूट का प्रयास किया। घर में सो रही महिला ने जब इसका विरोध किया तो आरोपी ने कमरे में रखे वजनदार लोहे से उसके सिर पर कई प्रहार किए। शोर सुन कर परिवारीजन वहां पहुंचे तो आरोपी भाग निकला।
जख्मी महिला को गंभीर हालत में जिला अस्पताल पहुंचाया गया, चिकित्सकों ने उसे ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। शुक्रवार सुबह सीओ सिटी ने फॉरेंसिक व सर्विलांस सेल के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने घायल महिला के बेटे की तहरीर पर केस दर्ज किया है।
कूरेभार थाने से मात्र डेढ़ सौ मीटर की दूरी पर किराना व्यवसायी हरिचरन कसौधन का तीन मंजिला मकान है। मकान के निचले हिस्से में उनकी दुकान है, दूसरे तल पर उनके बेटे व बहू परिवार के बच्चों के साथ रहती हैं। बृहस्पतिवार देर रात करीब दो बजे एक युवक दरवाजे का ताला तोड़कर घर में घुस आया। जब वह बक्से और अलमारी खोल रहा था तो हरिचरन की पत्नी कृष्णा देवी की नींद खुल गई।
उन्होंने लूट का विरोध किया तो युवक ने कमरे में ही रखे वजनदार लोहे से कृष्णा देवी के सिर पर ताबड़तोड़ प्रहार कर दिया। शोर सुनकर दूसरे कमरे में सो रहा बेटा पवन कुमार व अन्य परिवारीजन वहां पहुंचे तो आरोपी फरार हो गया। खून से लथपथ कृष्णा देवी को जिला अस्पताल ले जाया गया जहां से उन्हें ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया।
थाने से चंद कदम की दूरी पर हुई लूट के प्रयास से शुक्रवार की सुबह व्यवसायियों में रोष फैल गया। सूचना के बाद सीओ सिटी नवीन कुमार सिंह फॉरेंसिक व सर्विलांस सेल के प्रभारी अजय कुमार यादव के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए। सीओ ने परिवारीजनों से पूछताछ की। इस बाबत सीओ सिटी ने बताया कि लूट नहीं हुई है। पुलिस ने घायल कृष्णा देवी के बेटे पवन कुमार कसौधन की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है।