बारातियों से भरी जीप पेड़ से टकराई, बुजुर्ग की मौत
अमेठी। बारातियों से भरी एक जीप बगिया बहोरखा गांव के पास शनिवार देर रात अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे में एक बुजुर्ग की मौत हो गई और पांच लोग घायल हुए हैं। घायलों में दो लोगों को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया।
मुसाफिरखाना क्षेत्र के पूरे विश्रामराय मजरे रंजीतपुर निवासी रवींद्र बहादुर के पुत्र दीपक शर्मा की शादी थी। दीपक की बारात प्रतापगढ़ के कुंडा गांव गई थी। शनिवार रात बारात से एक जीप पर सवार होकर कुछ लौट रहे थे। रात लगभग दो बजे बगिया बहोरखा गांव के पास जीप अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। इस हादसे में जीप सवार लाल बहादुर शर्मा (60), मुन्नालाल (50), राजकरन शर्मा (55), जंत्री प्रसाद (42) निवासी पूरे विश्रामराय, रामकरन वर्मा व जीप चालक राम प्रकाश यादव निवासी चंदीपुर गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से सभी घायलों को सीएचसी पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने गंभीर रूप से घायल लाल बहादुर शर्मा, मुन्नालाल तथा राम प्रकाश को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। लखनऊ ले जाते समय हैदरगढ़ के पास लाल बहादुर शर्मा की मौत हो गई। हादसे की सूचना से शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।