ट्रिपलिंग में तीन मजदूरों की जान गई
अमेठी। लखनऊ-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर जमुवारी गांव के पास बृहस्पतिवार सुबह ट्रिपलिंग कर रहे मजदूरों को अज्ञात वाहन ने रौंद दिया। दुर्घटना में एक मजदूर की मौके पर मौत हो गई, जबकि दो ने जिला अस्पताल सुल्तानपुर में दम तोड़ दिया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
मुसाफिरखाना कोतवाली क्षेत्र के नया का पुरवा (कुंडा) निवासी पवन कुमार (28) पुत्र घेर्राऊ और जामों थाना क्षेत्र के नंदियावां निवासी बृजलाल (40) पुत्र रामशंकर राजमिस्त्री थे।
नया का पुरवा निवासी अजय कुमार (32) पुत्र देव नारायण मजदूरी करता था। बृहस्पतिवार सुबह पवन कुमार, बृजलाल और अजय कुमार एक ही बाइक पर बैठकर काम करने के लिए अलीगंज जा रहे थे।
लखनऊ-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर जमुवारी गांव के पास अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। दुर्घटना में अजय कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल पवन और बृजलाल को सीएचसी पहुंचाया गया।
सीएचसी पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को जिला अस्पताल सुल्तानपुर रेफर कर दिया। परिवारीजन उन्हें लेकर जिला अस्पताल सुल्तानपुर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस ने बताया कि बाइक चला रहे पवन कुमार ने हेलमेट पहन रखा था। क्षतिग्रस्त बाइक कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है।