22 लाख की ऑनलाइन ठगी में
शाखा प्रबंधक सहित दो पर केस
अमर उजाला ब्यूरो
अमेठी। शहर स्थित आईसीआईसीआई बैंक शाखा में एक ग्राहक से पिछले दिनों 22 लाख की ऑनलाइन ठगी हुई थी। डीएम के हस्तक्षेप के बाद पीड़ित ग्राहक की तहरीर पर पुलिस ने बैंक शाखा प्रबंधक सहित दो के विरुद्ध केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव तिवारीपुर मजरे कटराफूलकुंवर निवासी सुरेश कुमार ने थाने में तहरीर देकर बताया है कि उनकी मां ननका देवी और उनका शहर स्थित आईसीआईसीआई बैंक शाखा में जॉइंट खाता है। दिनेश ने अपनी कुछ जमीन बेचकर बैंक खाते में 22 लाख रुपये जमा किया था। आरोप है कि पिछले माह 26 व 27 को दस-दस लाख रुपये व चार अक्तूबर को दो लाख रुपये ऑनलाइन नेट बैंकिग के माध्यम से ट्रांसफार कर लिया गया। पीड़ित जब बैंक पहुंचा तो मामले की जानकारी हुई। पीड़ित ने बैंक मैनेजर से जानकारी लेनी चाही तो बैंक शाखा प्रबंधक ने डिटेल देने से इंकार कर भगा दिया था। पीड़ित का आरोप है कि दुर्गापुर रोड खेरौना निवासी युवक रोहित अग्रहरि ने उसके एटीएम कार्ड व पासबुक की फोटो अपने मोबाइल में घटना के पूर्व खींची थी। पीड़ित ने बैंक मैनेजर व युवक पर खाते से पैसा निकाले जाने की साजिश में होने की आशंका जताई है। पीड़ित ने कोतवाली पुलिस को मामले की तहरीर दी थी। कार्रवाई नहीं होती देख पीड़ित ने डीएम से गुहार लगाई थी। डीएम के हस्तक्षेप के बाद पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर शाखा प्रबंधक और रोहित के विरुद्ध केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।