दलित छात्रा के हत्यारों का सुराग नहीं, संदिग्धों से पूछताछ
अमेठी। संग्रामपुर क्षेत्र में रेप के बाद हुई दलित छात्रा की हत्या के आरोपियों को पुलिस दूसरे दिन भी तलाश नहीं सकी है। तफ्तीश के लिए एक पुलिस टीम गठित की गई है। इस बीच पुलिस आसपास के गांवों से संदेह के आधार पर चार-पांच लोगों से पूछताछ कर रही है।
संग्रामपुर क्षेत्र के एक गांव में दलित छात्रा की रेप के बाद धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। बृहस्पतिवार सुबह उसका शव खेत में पाया गया था। घटना की जानकारी पर ग्रामीणों ने सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन किया। सूचना पर एसपी, एएसपी, एसडीएम और सीओ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया। बृहस्पतिवार देर शाम पोस्टमॉर्टम के बाद युवती का का शव गांव ले जाया गया।
शुक्रवार सुबह परिवारीजनों ने उसका अंतिम संस्कार किया। घटना के बाद से गांव में सन्नाटा पसरा है। एहतियात के तौर पर गांव में प्रभारी निरीक्षक एएस भदौरिया, महिला एसओ रेखा सिंह व अन्य पुलिस कर्मी डटे रहे। एसपी के निर्देश पर तफ्तीश के लिए बनाई गई टीमों ने गांव और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस टीम ने संदेह के आधार पर आसपास के चार-पांच लोगों से पूछताछ कर रही है।
इस बीच अपर पुलिस अधीक्षक बीसी दूबे ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से युवती के साथ रेप की बात स्पष्ट नहीं है। स्लाइड बनाकर जांच के लिए भेजी गई है। जांच से स्थिति साफ हो जाएगी। पुलिस टीमें संदिग्धों से पूछताछ कर रही हैं। शनिवार को घटना का पर्दाफाश हो सकता है।
दलित छात्रा की हत्या के जानकारी पर कई दलित संगठनों के साथ बसपा व सपा के नेता शुक्रवार को गांव पहुंचे और पीड़ित परिवार के लोगों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बधाया। परिवारीजनों को न्याय दिलाने में मदद करने की बात कही।