संदिग्ध हालात में यूपी 100 के सिपाही की मौत
सुल्तानपुर। अमेठी जिले में यूपी 100 पर तैनात एक सिपाही की सोमवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिवारीजन उसे लेकर सीएचसी पहुंचे, जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
अंबेडकरनगर के जहांगीरगंज थानान्तर्गत करौंदी माडरम निवासी रामप्यारे यादव (56) की तैनाती अमेठी जिले के पीपरपुर क्षेत्र में यूपी 100 पर थी। इससे पूर्व राम प्यारे मुसाफिरखाना कोतवाली में तैनात थे। कोतवाली के सरकारी आवास में उनकी पत्नी ऊर्मिला और बेटा विपुल यादव रहते हैं। सोमवार को राम प्यारे की तबीयत आवास खराब हो गई। परिवारीजन उन्हें लेकर सीएचसी पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने रामप्यारे को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिवारीजन उन्हें लेकर सुल्तानपुर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।