दो इंटरसिटी एक्सप्रेस निरस्त, दो ट्रेनों का रूट बदला
गौरीगंज। गौरीगंज के साथ ही लखनऊ-प्रतापगढ़-वाराणसी रूट के स्टेशनों के यात्रियों को शुक्रवार को भारी परेशानी झेलनी पड़ी। परसीपुर-भदोही स्टेशन के मध्य दोहरीकरण व इंटरलॉकिंग कार्य पूरा कराने के लिए संचालन विभाग ने शुक्रवार को लखनऊ-वाराणसी के बीच चलने वाली दो जोड़ी इंटरसिटी एक्सप्रेस (अप-डाउन) को अचानक निरस्त कर दिया।
इसके साथ ही अप जनता एक्सप्रेस तथा अप पंजाब मेल का रूट बदल दिया गया। अप-डाउन वीपीएल पैसेंजर पूर्व घोषित आदेश पर निरस्त रही। ट्रेनों के निरस्त होने तथा मार्ग परिवर्तित होने के चलते स्टेशन पर इंतजार कर रहे यात्रियों की परेशान होना पड़ा। बहुत से लोगों को टिकट वापस कर यात्रा स्थगित करनी पड़ी। सबसे ज्यादा परेशानी दैनिक यात्रियों को उठानी पड़ी।
उन्हें समय से काम पर पहुंचने के लिए निजी वाहनों का साहरा लेना पड़ा। स्टेशन मास्टर राजीव कुमार ने ट्रेनों के निरस्त होने तथा मार्ग परिवर्तित होने की पुष्टि की। बताया कि शनिवार से सभी ट्रेनें नियमित रूट पर निर्धारित समय से संचालित होंगी। दूसरी तरफ लखनऊ-प्रतापगढ़ ट्रैक पर शुक्रवार को कोलकाता-आगरा एक्सप्रेस साढ़े छह घंटा लेट रही। डाउन पंजाब मेल नौ घंटा, डाउन जनता एक्सप्रेस तीन घंटा व डाउन पीआरएल पैसेंजर साढ़े तीन घंटा विलंब से संचालित हुई।