धनपतगंज (सुल्तानपुर)। पिछले दिनों मायंग गांव में हुए बवाल में आरोपी बनाए गए पूर्व विधायक चंद्रभद्र सिंह सोनू के पक्ष में गवाही देने के लिए मंगलवार को एक युवक को धनपतगंज ब्लॉक प्रमुख ने रास्ते से अगवाकर दीवानी न्यायालय पहुंचा दिया। हालांकि, पूर्व विधायक के अधिवक्ता के विरोध करने पर गवाह को ब्लॉक प्रमुख ने छोड़ दिया। पीड़ित की शिकायत के बाद एसपी ने गवाह को तत्काल प्रभाव से गनर उपलब्ध कराते हुए अगवा करने के आरोप में ब्लॉक प्रमुख समेत दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया है।
धनपतगंज थाना क्षेत्र के मायंग निवासी रामजी गुप्ता के अनुसार पिछले दिनों पूर्व विधायक समेत अन्य लोगों ने घर पर हमला किया था। पुलिस ने मामले में पूर्व विधायक चंद्रभद्र सिंह सोनू समेत अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया है। रामजी के अनुसार, 11 अक्तूबर को पूर्व विधायक चंद्रभद्र सिंह सोनू के भाई ब्लॉक प्रमुख यशभद्र सिंह मोनू ने उसे रोककर मुकदमे में पक्ष में गवाही देने की बात कही थी। रामजी गुप्ता घर पहुंचे और परिवारीजनों से पूरी बात बताई। परिवारीजनों ने पूर्व विधायक के पक्ष में गवाही देने से उसे मना कर दिया।
मंगलवार को रामजी गुप्ता केला खरीदकर घर लौट रहा था। करीब 12 बजे यशभद्र सिंह मोनू और अंशू सिंह ने उसे रोक लिया और वाहन पर बैठाकर दीवानी न्यायालय पहुंच गए। रामजी गुप्ता के अनुसार पूर्व विधायक के अधिवक्ता ने इस तरह किए गए कृत पर आपत्ति जताते हुए उसे छुड़ाकर घर भेज दिया।
रामजी गुप्ता ने पूरे मामले की सूचना एसपी डॉ. विपिन कुमार मिश्र को दी। एसपी के आदेश पर धनपतगंज थाने में ब्लॉक प्रमुख यशभद्र सिंह मोनू और अंशू सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। एसपी ने बताया कि पूर्व विधायक के खिलाफ मुकदमे में गवाह रामजी गुप्ता समेत अन्य लोगों को सुरक्षा के लिए गनर उपलब्ध करा दिए गए हैं।