सुल्तानपुर। पूर्व केंद्रीय मंत्री व भाजपा सांसद मेनका गांधी ने कहा कि पिछले दिनों नई दिल्ली में सीएम व नवनियुक्त मंत्रियों के साथ हुई बैठक में प्रदेश के सांसदों को विकास के लिए बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जिम्मेदारी मिलने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सांसदों को विकास कार्य करवाने में पूरा सहयोग का भरोसा दिलाया है। रविवार को तीन दिवसीय दौरे पर पहुंची सांसद ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए यह बातें कहीं।
उन्होंने कहा कि जाति विशेष की राजनीति क्षेत्रीय दलों का चाल चरित्र है। भाजपा सबका साथ सबका विकास की बात करती है। कहा कि पीएम मोदी के आह्वान पर आजादी के 75 वें वर्ष पर वे 75 गांवों का दौरा करेंगी। अब तक उन्होंने 500 गांवों का दौरा किया है।
उन्होंने ग्रामीण महिलाओं के स्वरोजगार के लिए धोपाप नाम से अगरबत्ती बनाने का सुझाव दिया। कहा कि इससे ग्रामीण महिलाओं की आर्थिक मदद हो सकेगी। ओलंपिक में भरोत्तलन में सिल्वर मेडल हासिल करने वाली मीराबाई चानू को शुभकामना देते हुए कहा कि मीराबाई ने विश्व पटल पर देश का नाम शिखर पर पहुंचाया है।
शाम को शास्त्रीनगर स्थित अपने अस्थाई आवास पर पहुंचकर उन्होंने लोगों से मुलाकात की। समस्याएं सुनते हुए सांसद ने अधिकारियों को फोन से निस्तारण के निर्देश दिए। मीडिया प्रभारी विजय सिंह रघुवंशी ने बताया कि दो व तीन अगस्त को सांसद जिले के सभी 14 ब्लॉकों में आयोजित पंचायत प्रतिनिधियों के सम्मेलन में हिस्सा लेंगी।
इसके पहले असरोगा टोल प्लाजा पर सांसद का भाजपाइयों ने स्वागत किया। इस मौके पर क्षेत्रीय उपाध्यक्ष संतबक्श सिंह, सांसद प्रतिनिधि रणजीत कुमार, शशीकांत पांडेय, विजय त्रिपाठी, उत्तम सिंह, अरुण दूबे आदि मौजूद रहे।