सुल्तानपुर। दुधारू मवेशियों को चुराने वाले एक गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने बुधवार की रात धम्मौर क्षेत्र में पिकअप पर लादी गईं चोरी की चार भैंस और दो पड़िया कब्जे में लेने के साथ सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से दो तमंचे, कारतूस, दो चाकू और एक बाइक बरामद हुई।
अकारीपुर गांव की बाग में पकड़े गए आरोपियों की पहचान राजेश यादव, रमेश यादव निवासीगण ज्ञान चंद्रपुर बनकटवा, अमेठी, संजय वर्मा, कल्लू उर्फ बभना निवासी भैसना, सांगीपुर जिला प्रतापगढ़, विकास यादव निवासी बंधुआकलां जिला सुल्तानपुर, संदीप पाल, जंग बहादुर यादव निवासीगण ग्राम घुरई का पुरवा टीकर माफी जिला अमेठी के रूप में हुई। पिकअप पर चार भैंस और दो पड़िया मिली। पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे मवेशी को चुराकर दूसरे जनपद में बेच देते हैं।