सुल्तानपुर। दोस्तपुर क्षेत्र में तीन दिन पूर्व चाकू के जोर पर बुजुर्ग से हुई एक लाख 10 हजार रुपये की लूट की घटना का पुलिस ने शुक्रवार को खुलासा कर दिया। लूट में शामिल बदमाश को पुलिस ने चाकू के साथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से लूट के 98 हजार रुपये भी बरामद हो गए।
दोस्तपुर क्षेत्र के सिजिलपुर गांव निवासी बुजुर्ग बुझावन 28 सितंबर को मुड़िला बाजार में स्थित बैंक में एक लाख 10 हजार रुपये जमा करने गए थे। बैंक बंद होने के कारण उनका पैसा जमा नहीं हो सका था। इसके बाद बुझावन झोले में एक लाख 10 हजार रुपये रखकर वापस घर लौट रहे थे। रास्ते में एक बदमाश ने बुझावन को धक्का देकर गिरा दिया और चाकू के जोर पर झोले में रखे रुपये लूटकर फरार हो गया था। जांच के दौरान पुलिस ने प्रवेश चौहान उर्फ पांचू निवासी सिजिलपुर थाना दोस्तपुर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि उसने ही चाकू के जोर पर बुझावन से रुपये लूटे थे। उसके पास से पुलिस ने लूटे गए रुपयों में से 98 हजार रुपये बरामद करते हुए घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया।