सुल्तानपुर। अखंडनगर क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली किशोरी आठ माह पूर्व बाजार से घर लौट रही थी। रास्ते में गांव के ही राम आसरे (55) ने उसे रोक लिया और बाग में ले जाकर उसके साथ दुराचार किया। आरोपी ने उसे मुंह खोलने पर जान से मारने की धमकी दी। डरी-सहमी किशोरी ने घटना का जिक्र परिवारीजनों से नहीं किया था।
इस दौरान किशोरी गर्भवती हो गई थी। कुछ दिन पहले किशोरी को इसकी जानकारी हुई तो उसने प्रौढ़ को पूरी बात बताई थी। प्रौढ़ ने दो दिन पहले समोसे में चुपके से दवा डालकर किशोरी को खिला दिया था। मंगलवार की रात करीब 10 बजे किशोरी का गर्भपात हो गया था। गर्भपात होने पर परिवारीजनों को इसकी जानकारी हुई थी। बुधवार की सुबह पीड़िता को लेकर उसकी मां थाने पहुंची और आरोपी के खिलाफ तहरीर दी थी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया था। एसओ कृष्ण मोहन सिंह ने बताया कि आरोपी को बृहस्पतिवार को क्षेत्र के अनिरुद्धपुर मोड़ के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। उसने अपना जुर्म स्वीकार किया है।