सुल्तानपुर। मध्याह्न भोजन योजना से आच्छादित विद्यालयों में खाद्य सुरक्षा भत्ता (कन्वर्जन कॉस्ट) का वितरण डीबीटी के माध्यम से किया जाना था। साथ ही राशन वितरण भी होना था। जनपद में कन्वर्जन कॉस्ट व राशन वितरण की स्थिति प्रदेश के अन्य जनपदों की अपेक्षा काफी बेहतर है।
बावजूद इसके कुछ विद्यालय ऐसे हैं, जहां यह काम समय के अंतर्गत पूर्ण नहीं हो सका है। बीएसए दीवान सिंह यादव ने लापरवाह हेडमास्टरों को अंतिम अवसर देते हुए 31 जुलाई की शाम चार बजे तक प्रत्येक दशा में प्रेरणा पोर्टल पर कन्वर्जन कॉस्ट व राशन वितरण का डाटा अपलोड करने का निर्देश दिया है।
निर्धारित अवधि में डाटा अपलोड न करने वाले शिक्षकों का वेतन रोकने का निर्देश दिया है। वेतन रोकने की संस्तुति न करने पर खंड शिक्षाधिकारियों के विरुद्घ शासकीय कार्रवाई करने की चेतावनी दी है।
12 प्रधानाध्यापकों का रोका वेतन
जयसिंहपुर क्षेत्र के 12 विद्यालयों के लाभार्थियों की डिटेल प्रेरणा पोर्टल पर अपलोड नहीं हुई हैं। इस मामले में खंड शिक्षाधिकारी पंकज सिंह की रिपोर्ट पर 12 प्रधानाध्यापकों के वेतन पर बीएसए दीवान सिंह यादव ने रोक लगा दी है।
प्राथमिक विद्यालय रामपुर के हेडमास्टर सत्यदेव पांडेय, पूरे तिवारी के हेडमास्टर हरिकृष्ण कुमार सिंह, पूरे धोबियान के हरिओम द्विवेदी, कंपोजिट विद्यालय चांदपुर महमूदपुर की प्रधानाध्यापिका महिमा सिंह, डंड़वा के हेडमास्टर राजेश कुमार, इशहाकपुर के सत्येंद्र प्रताप सिंह, इशहाकपुर जूनियर हाईस्कूल के इंचार्ज प्रधानाध्यापक जयराम वर्मा, नगईपुर प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक विश्वनाथ प्रताप सिंह, कंपोजिट विद्यालय माधवपुर छतौना की इंचार्ज प्रधानाध्यापिका सती देवी, प्राथमिक विद्यालय कुर्मी बिजौली के प्रधानाध्यापक कमलेश कुमार, कान्हापुर के विजय प्रकाश मिश्र व कंपोजिट विद्यालय करसा के इंचार्ज प्रधानाध्यापक श्रीराम यादव का वेतन अग्रिम आदेश तक रोका गया है।