सुल्तानपुर। जयसिंहपुर टीएचआर (टेक होम राशन) प्लांट से सैंकड़ों क्विंटल गेहूं, मूंगदाल, चीनी व मिल्क पाउडर नए बीएमएम के चार्ज लेने के बाद उसी रात गायब कर दिया गया था। रात में मजदूरों को दोगुना मजदूरी देकर सामग्री को वाहन से अन्यत्र भेज दिया गया था। वहीं, हटाए जाने के बाद से आरोपी बीएमएम (ब्लॉक मिशन प्रबंधक) मिशन का टैबलेट लेकर गायब है।
सीडीओ के निर्देश पर उपायुक्त एनआरएलएम ने जयसिंहपुर के तत्कालीन बीएमएम अवधेश कुमार का स्थानांतरण करते हुए कुड़वार के बीएमएम पवन सिंह को नियुक्त कर दिया था। नए तैनाती स्थल पर पहुंचकर पवन सिंह ने 24 अप्रैल को चार्ज लिया। उस समय गेहूं व अन्य सामग्री प्लांट पर मौजूद रही। 25 अप्रैल की सुबह नए बीएमएम की सूचना पर जांच करने पहुंचे उपायुक्त एनआरएलएम व जिला मिशन प्रबंधक नीरज श्रीवास्तव को गेहूं समेत अन्य सामग्री गायब मिली।
उपायुक्त केडी गोस्वामी ने बताया कि 25 अप्रैल की जांच में पता चला कि नए बीएमएम पवन सिंह के चार्ज लेने के बाद उसी रात गेहूं व अन्य सामग्री को तत्कालीन बीएमएम ने गायब करा दिया था। इसके लिए रात में दोगुना पारिश्रमिक देकर मजदूर बुलाए गए थे। जानकारी मिलने के बाद अवधेश कुमार पर 26 अप्रैल को केस दर्ज कराया गया था। केस दर्ज होने के बाद आरोपी मिशन का टैबलेट लेकर भी गायब हो गया है। बताया कि पुलिस की ओर से कार्रवाई की जाएगी। यह मामला चल ही रहा था कि जयसिंहपुर टीएचआर प्लांट की मशीन भी खराब हो गई। करीब एक सप्ताह से प्लांट बंद चल रहा है।
जिला मिशन प्रबंधक ने बताया कि मैकेनिक पहुंच गए हैं। जल्द ही मशीन चालू करके अगस्त माह के 30 आंगनबाड़ी केंद्रों का पुष्टाहार बनाने का कार्य शुरू करा दिया जाएगा।